पीलीभीत। आईटीआई की जमीन पर जल्द स्वास्थ्य विभाग एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनवाने जा रहा है। इसमें दो सौ बेड के अस्पताल की सुविधा होगी। साथ ही मेडिकल के कुछ अन्य विभाग भी यहां शिफ्ट किए जाएंगे। खाग में मेडिकल कॉलेज बना रही एजेंसी ही इसका निर्माण करेगी। जमीन की पैमाइश कराने के लिए सीएमओ ने तहसीलदार को पत्र भेजा है। चुनाव बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
जिले में पहला राजकीय मेडिकल कॉलेज खाग में बनाया जा रहा है। कॉलेज के लिए जरूरी है कि जिले में पांच सौ बेड की सुविधा होनी चाहिए। मौजूदा वक्त में जिले में जिला अस्पताल को मिलाकर तीन सौ बेड की सुविधा है। दो सौ बेड की सुविधा बढ़ाई जानी है। इसके लिए शासन ने आईटीआई की जमीन स्वास्थ्य विभाग को आवंटित की है। जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब पैमाइश होना बाकी है। दूसरी तरफ भूमि पर कुछ पेड़ थे उनको काट दिया गया है। चुनाव के बाद कार्य तेजी से शुरू होने की उम्मीद है। यहां बनने वाली मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में दो सौ बेड का अस्पताल, ओटी की सुविधा और कुछ अन्य विभाग तथा सीएमएस, सीएमओ के ऑफिस भी यहां शिफ्ट किए जा सकते हैं।
पीजी के छात्रों के लिए बनेगा हॉस्टल
खाग में बन रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस वाले छात्रों के लिए हॉस्टल की सुविधा होगी। वहीं आईटीआई की जमीन पर बन रहे नए भवन में पीजी के छात्रों के लिए हॉस्टल बनाया जाएगा। यहां इंटर्नशिप वाले छात्र भी रहेंगे।
जिले में बढ़ेंगी मेडिकल सुविधाएं
खाग में बन रहा राजकीय मेडिकल कॉलेज के भवन का निर्माण अक्तूबर तक पूरा होना है। इसके बाद यहां ओपीडी से लेकर अन्य मेडिकल सुविधाएं शुरू हो होंगी। गंभीर बीमारियों का इलाज कराने को बरेली, दिल्ली या लखनऊ की दौड़ नहीं लगानी होगी। इसके अलावा जिले में बेड की सुविधा भी बढ़कर पांच सौ हो जाएगी। सीएमओ ने बताया कि मेडिकल कॉलेज खुलने से अच्छे डॉक्टर मिलेंगे और तमाम बीमारियों की इलाज संभव हो सकेगा।
आईटीआई वाली जमीन का अधिग्रहण हो गया है। यहां एक मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनेगी। इसमें दो सौ बेड का अस्पताल होगा। यहां पीजी और इंटर्नशिप वाले छात्रों के लिए हॉस्टल बनेगा। जल्द निर्माण प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
- डॉ. आलोक शर्मा, सीएमओ