अमरिया थाना पहुंचकर अपहरणकर्तओं की गिरफ्तारी की मांग करते ग्राम मझलिया के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Archive
अमरिया। गांव मझलिया में आयोजित भंडारे के दौरान बाइक सवार युवक ने बुधवार की शाम दो बच्चियों को कुछ सामान दिलाने और बाइक पर बैठाकर घुमाने का झांसा देकर अपहरण की कोशिश की। आरोपी युवक बच्चियों को अपने साथ बाइक से ले गया। इस दौरान बच्चियों ने शोर मचा दिया तो ग्रामीणों ने पीछा करने के साथ डायल 112 पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों और पुलिस की घेराबंदी करने के दौरान आरोपी युवक कुछ दूरी पर बच्चियों और बाइक को छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक के विरुद्ध अपहरण सहित कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। उसके कुछ देर बाद पुलिस ने गांव बड़ा दुनबा, अमरिया के आरोपी युवक आनंद को गिरफ्तार कर लिया।
गांव निवासी महेंद्र पाल एवं नरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी छह वर्षीय पुत्रियां खुशी और कविता बुधवार शाम करीब सात बजे गांव के भूमिसेन मंदिर पर चल रहे भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने गई थीं। आरोप लगाया कि इसी दौरान अज्ञात युवक वहां पहुंचा और बच्चियों को चीज दिलाने और बाइक पर एक चक्कर लगाने का लालच दिया और उन्हें बाइक पर बैठाकर ले जाने लगा। कुछ देर बाद बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर भंडारे में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई, इस पर ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा शुरू किया। किसी ने 112 पुलिस पर कॉल कर दी। अमरिया पुलिस ने भी कई पॉइंटों पर चेकिंग शुरू कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी गांव से कुछ दूरी पर बच्चियों और मोटरसाइकिल को छोड़ कर मौके से भाग गया। पुलिस बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।
इधर, बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण अमरिया थाने पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि सूचना मिली है। बच्चियों को तलाश कर लिया गया। युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद
अमरिया थाना पहुंचकर अपहरणकर्तओं की गिरफ्तारी की मांग करते ग्राम मझलिया के ग्रामीण। संवाद- फोटो : Archive