शहर के थाना सुनगढ़ी में पकड़े गए आरोपी।स्रोत:पुलिस
पीलीभीत। सख्ती के दावों के बीच चीनी मांझे की खुलेआम बिक्री की जा रही है। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस ने धरपकड़ कर दो लोगों को पकड़ा। उनके पास से चीनी मांझे के 80 बंडल बरामद किए गए। आरोपी मांझे को बिक्री करने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पिछले दिनों शाहजहांपुर में पुलिस आरक्षी की मांझे की चपेट में आने से मौत के बाद प्रशासन गंभीर हुआ था। टीम बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कुछ दिन सख्ती के बाद अभियान ठंडे बस्ते में पड़ गया। चीनी मांझे की धड़ल्ले से बिक्री जारी रही। शहर में भी चोरी छिपे मांझा बिक्री होती रही।
इधर शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस ने नौगवां ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया। दोनों के पास से 80 बंडल चीनी मांझा बरामद किया गया। दोनों को पकड़कर थाने लाया गया। थाना प्रभारी पवन कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला नखासा निवासी हरिओम व बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के माधोबाड़ी निवासी श्रीकांत के रूप में हुई। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।