पीलीभीत। भले ही रूट डायवर्जन के कारण शाहजहांपुर-पीलीभीत के बीच चार एक्सप्रेस ट्रेनों का सिर्फ एक दिन संचालन होगा। मगर इस रेल खंड पर आमान परिवर्तन के बाद पहली बार यात्री ट्रेनों का आवागमन होने से तीन साल से बंद इस रेल खंड पर ट्रेनें यात्रियों को लेकर दौड़ेंगी। हालांकि इन ट्रेनों का रास्ते में कहीं भी ठहराव नहीं होगा।
बरेली से शाहजहांपुर के बीच दस अप्रैल को ट्रैक पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। मरम्मत कार्य सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान गुजरने वाली ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। इनमें नौ अप्रैल को 15073 सिंगरौली से टनकपुर को जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन शाहजहांपुर से बरेली नहीं जाएगी। बल्कि शाहजहांपुर से शहबाजनगर, निगोही, बीसलपुर, भोपतपुर होते हुए पीलीभीत जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद टनकपुर के लिए रवाना हो जाएगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 12369 हावड़ा-देहरादून भी इसी रूट से दस अप्रैल को वाया पीलीभीत बरेली के लिए रवाना किया जाएगा। ट्रेन संख्या 15909 डिबरूगढ़-लालगढ़ को भी इसी रूट से उस दिन वाया पीलीभीत बरेली की ओर रवाना किया जाएगा। इसके अलावा टनकपुर से दस अप्रैल को सिंगरौली जाने वाली 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस को पीलीभीत से शाहजहांपुर को भेजा जाएगा। इस ट्रेन से उस दिन बरेली के यात्री सफर नहीं कर कसेंगे।
कभी तेज तो कभी धीमी रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें
शाहजहांपुर रेल खंड पर आमान परिवर्तन का काम पूरा हो गया है। मगर इस रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन पिछले छह माह से नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से 84 किलोमीटर का यह रेल खंड चार कॉशन में बंटा हुआ है। सभी की स्पीड अलग अलग निर्धारित की गई है। इसमें 75, 80, 85 और 100 किलोमीटर तक की स्पीड शामिल है। ऐसे में ट्रेनों के पायलटों को कभी तेज स्पीड, तो कभी कम गति से ट्रेन को चलाना पड़ेगा।