पीलीभीत। मालवाहक वाहनों का संचालन करने वाले करीब 835 वाहन स्वामियों पर विभाग का लाखों रुपये का कर बकाया है। इसके बाद भी वाहन स्वामी नियमों की अनदेखी कर वाहनों का संचालन कर रहे है। विभाग की ओर से लगातार नोटिस दिए जाने के बाद भी वाहन स्वामियों पर कोई असर नहीं हो रहा है।
एआरटीओ कार्यालय में तीन हजार से अधिक व्यावसायिक वाहनों का पंजीकरण है। इन वाहनों के मालिकों को हर तीन माह में टैक्स जमा करना होता है। वाहन के अनुसार इनके टैक्स का निर्धारण है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में करीब 835 वाहन ऐसे हैं, जिन पर विभाग का करीब 52.53 लाख रुपये कर बकाया है। इन वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किए। इसके बाद विभाग की ओर से रिमांडर भी जारी किए। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मालवाहक वाहनों से टैक्स जमा कराया जाता है। काफी वाहन ऐसे हैं जिन्होंने कई माह से विभाग को टैक्स जमा नहीं किया है। जल्द ही इन पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रात के समय कर रहे वाहन संचालन, चेकिंग में हो रही कार्रवाई
टैक्स जमा न करने वाले कई वाहन स्वामी ऐसे हैं, जो अपने वाहनों का संचालन भी कर रहे है। विभागीय अफसरों से बचने के लिए यह वाहन चालक रात के समय अपना वाहनों का संचालन करते हैं, जिससे विभागीय कार्रवाई से बच सकें। अफसरों के मुताबिक कई बार ऐसे वाहन चेकिंग के दौरान रात में पकड़ में भी आए हैं।