मरौरी ब्लॉक के बसंतापुर के निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण करते डीपीआरओ। स्रोत विभाग।
पीलीभीत। डीपीआरओ ने मरौरी ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन बंद मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही पंचायत सचिव और प्रधान को पंचायत भवन का संचालन नियमित कराने के निर्देश दिए।
डीपीआरओ रोहित भारती ने शनिवार को तीन ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वह मरौरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत सैंजना मुस्तकिल पहुंचे। यहां पंचायत भवन बंद मिला। इस पर उन्होंने पंचायत सचिव और प्रधान से कड़ी नाराजगी जताई। इसके साथ ही आरआसी सेंटर के बाहर काफी गंदगी फैली मिली। उन्होंने कर्मचारी को निर्देश जारी किए। कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्याें का गुणवत्तापूर्ण तरह से क्रियान्वयन कराया जाए। इसके बाद न्यूरिया हुसैनपुर पहुंचे। यहां पंचायत भवन में लोग फॉर्मर रजिस्ट्री करवाते हुए मिले। विभागीय कर्मचारी भी मौजूद मिले। ब्लॉक के ही गांव वसंतापुर में अधूरे पड़े पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि पंचायत भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि मरौरी ब्लॉक की पंचायतों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में कुछ कमियां सामने आई हैं। उन्हें सुधार करने के संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं।