पीलीभीत-भोजीपुरा ब्राडगेज ट्रैक
पीलीभीत-भोजीपुरा ब्राडगेज ट्रैक पर ट्रेन संचालन को लेकर अटकलों का दौर फिर शुरू हो गया है। स्थानीय रेल अफसर भी दबी जुबान से 11 दिसंबर से ट्रेन चलने की बात कह रहे हैं।
जिले के लोगों को बड़ी रेल लाइन की बहुप्रतीक्षित मांग पटरी पर आने के बाद भी पूरी नहीं हो सकी। पीलीभीत-भोजीपुरा रेल ट्रैक पर दस माह पूर्व ट्रेन संचालन बंद कर ब्राडगेज कार्य शुरू किया गया था। शुरुआती दौर में कार्य की गति काफी धीमी रही बाद में अफसरों की डांट फटकार के बाद जुलाई से तेजी से कार्य शुरू किया गया। सितंबर तक कार्य पूरे होने के बाद 20 अक्तूबर व दस नवंबर को सीआरएस ने निरीक्षण के बाद बरेली से पीलीभीत के बीच ट्रेन संचालन को हरी झंडी दे दी गई। माना जा रहा था कि नवंबर के अंतिम सप्ताह में ट्रेनें चला दी जाएगी। रेल महकमा भी इसी प्रयास में था, लेकिन उच्चाधिकारियों की ओर से कोई दिशा निर्देश नहीं मिला। रेल सूत्रों के मुताबिक ट्रेन संचालन न होने के पीछे उद्घाटन को लेकर केंद्रीय मंत्री द्वारा तारीख न दिया जाना बताया जा रहा है। बताते हैं कि संसद सत्र में प्रत्येक केंद्रीय मंत्री को प्रतिदिन उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में अब संसद सत्र समाप्त होने के बाद ही ट्रेन संचालन को हरी झंडी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इधर अब रेल महकमे में 11 दिसंबर से ट्रेनें चलने की बात कही जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन पर अधूरे कार्य भी तेजी से पूरे किये जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए आदेश
बरेली-पीलीभीत के बीच ट्रेन संचालन को लेकर भले ही रेल मुख्यालय या मंडल कार्यालय द्वारा कोई आदेश जारी न किया गया हो, लेकिन सोशल मीडिया पर ब्राडगेज ट्रेन दौड़ रही है। सोशल मीडिया पर पूर्व मेें उक्त रूट पर पांच ट्रेन चलने का एक फर्जी आदेश वायरल हुआ। इधर अब एक बार फिर बरेली से पीलीभीत के बीच तीन ट्रेनें चलने का आदेश वायरल हुआ है।