पूरनपुर। मैलानी-शाहगढ़ के बीच आमान परिवर्तन का काम पूरा हो चुका है। सीआरएस निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राजीव अग्रवाल ने मोटर ट्रॉली से ट्रैक का निरीक्षण किया। इस दौरान सीआरएस निरीक्षण की जल्द ही तिथि मिलने की चर्चाएं होती रहीं।
पीलीभीत से मैलानी के बीच 2018 में आमान परिवर्तन का काम शुरू हुआ था। जंगल क्षेत्र में एनओसी न मिलने इस इस क्षेत्र में कार्यदायी संस्था ने छोड़कर गैर जंगल क्षेत्र में काम शुरू कर दिया था। इससे शाहगढ़ से मैलानी के बीच अब ब्रॉडगेज का काम पूरा हो चुका है। सीआरएस निरीक्षण के लिए प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। इसी को लेकर शुक्रवार को 19 जून को मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने रेल अफसरों के साथ निरीक्षण किया था। निरीक्षण में खामियां मिलने पर तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए थे। इस पर कार्यदायी संस्था ने सभी खामियां को दुरुस्त करा दिया था। शुक्रवार को सीनियर डीईएन राजीव अग्रवाल ने अधीनस्थों के साथ शाहगढ़ से सेहरामऊ स्टेशन तक मोटर ट्रॉली से पटरी और स्टेशनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मिली मामूली खामियों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश अधीनस्थ अफसरों और आरबीएनएल के अफसरों को दिए। इस निरीक्षण से जल्द ही सीआरएस निरीक्षण होने के कयास लगाए जा रहे है।