नाले के जोड़ के लिए एआरटीओ जाने वाले मार्ग पर खोदा गया गड्ढा। संवाद
पीलीभीत। शहर के छतरी चौराहे पर 13 दिन तक चले नाले के इंटरकनेक्शन कार्य के बाद अब एआरटीओ जाने वाले मार्ग पर नगर पालिका की ओर से गहरा गड्ढा खोद दिया गया। शुक्रवार को खोदे गए गड्ढे से वल्लभनगर काॅलोनी के लोगों के अलावा एआरटीओ कार्यालय आने वाले सैकड़ों लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर पालिका की ओर से शहर में बनाए गए नालों का कार्य एक साल बाद भी पूरा नहीं किया जा सका। बरसात से पूर्व नगर पालिका शहर में अधूरे पड़े निर्माणाधीन नालों का कार्य कराने में जुटी है। बीते 13 दिन पहले नगर पालिका ने छतरी चौराहे पर नाले के जोड़ का कार्य शुरू कराया।
इसमें लगातार स्टेशन रोड पर आवागमन प्रभावित रहा। लोगों को गलियोंं से गुजरकर जाना पड़ा। वहीं बड़े वाहनों के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं रही। बृहस्पतिवार को छतरी चौराहे पर चले रहे नाले के जोड़ कार्य पूरा होने के बाद रास्ते को बहाल कर दिया गया। अब नगर पालिका ने नाले के आगे के जोड़ के लिए टनकपुर हाईवे से मुख्य वल्लभनगर कॉलोनी व एआरटीओ कार्यालय जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार को पालिका ने गहरा गड्ढा खोद दिया।
शुक्रवार सुबह से ही कॉलोनी वासियों व एआरटीओ कार्यालय आने वाले सैकड़ों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर पालिका ने इस बार 21 अप्रैल तक कार्य प्रभावित होने की पूर्व में ही जानकारी दी है। प्रभारी ईओ आशुतोष गुप्ता ने बताया कि कार्य के मद्देनजर चार दिन तक आवागमन प्रभावित होने का नोटिस पूर्व में ही जारी कर दिया गया था। जल्द ही कार्य पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।