पीलीभीत जिले में वन्यजीवों के दीदार और प्राकृतिक वातावरण देखने के शौकीन सैलानियों की आमद से पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) गुलजार हो रहा है। रविवार को छुट्टी के चलते दूसरी शिफ्ट में जंगल सफारी करने के लिए सैलानी अधिक संख्या में पहुंचे। सैलानियों ने सफारी वाहन से जंगल की सैर की। जंगल भ्रमण के दौरान बाघ और भालू के दीदार कर सैलानी काफी खुश हुए। उन्होंने बाघ और भालू की तस्वीरों को कैमरे में कैद किया।
विज्ञापन
चूका बीच की खूबसूरती और जंगल में बाघ के दीदार सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। छह नवंबर को पर्यटन सत्र के आगाज के बाद से ही सैलानियों की आमद बनी हुई है। दोनों शिफ्टों में सैलानी जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। वन्यजीवों का दीदार करने के साथ जंगल सफारी का आनंद ले रहे हैं।
यही वजह है कि इस सत्र में अब तक पीटीआर के पर्यटन स्थलों पर आने वाले सैलानियों की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई है। विभागीय अफसरों का मनाना है कि सैलानियों की संख्या पूर्व की अपेक्षा अधिक हैं। ऐसे में संख्या के पुराने रिकॉर्ड टूटने की बात भी कही जा रही है। चूका बीच की हटें जनवरी के पहले सप्ताह तक बुक हैं।