नगर पालिका परिषद के संविदा सफाई कर्मचारियों द्वारा चलाया जा रहा बेमियादी धरना रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। विधायक और तहसीलदार ने हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता की।
नवीनतम शासनादेश के तहत वेतन दिलाने की मांग को लेकर नगर पालिका परिषद के संविदा सफाई कर्मचारियों ने 20 मई से पालिका परिसर में बेमियादी धरना शुरू कर रखा है, जो रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। रविवार को धरना स्थल पर हुई बैठक में आंदोलन की अग्रिम रणनीति बनाई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा और तहसीलदार नन्हे लाल ने अलग-अलग समय में धरना स्थल पर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों से वार्ता की। विधायक और तहसीलदार ने उनकी मांग डीएम तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।