- गंभीर हालत में पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती
- बिजली विभाग के प्राइवेट कर्मचारी के साथ तार जोड़ते वक्त हुआ हादसा
बिजली विभाग के प्राइवेट कर्मचारी के साथ ट्रांसफार्मर की खराबी सुधारने गया प्राइवेट बिजली मिस्त्री करंट की चपेट में आकर झुलस गया। उसको गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के पीछे बिजली विभाग की लापरवाही को कारण बताया जा रहा है।
थाना क्षेत्र के पुरैना गांव का निवासी देवकी नंदन बिजली मिस्त्री है। इसके अलावा डीजे का काम भी करता है। शनिवार सुबह बाजार कटरा में लगे ट्रांसफार्मर में तार टूटने से खराबी आ गई, जिसको सुधारने के लिए बिजली विभाग में प्राइवेट तौर पर काम करने वाला कस्बे का अमित शर्मा उसको अपने साथ तार जोड़ने के लिए बुलाकर ले गया। काम शुरू करने से पहले बिजली सप्लाई बंद करा दी गई। देवकी नंदन तार जोड़ रहा था कि अचानक सप्लाई शुरू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आकर काफी दूर गिरा और झुलस भी गया। यह देख सप्लाई चालू करने वाला बिजली कर्मचारी भाग गया। घायल को इलाज के लिए पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के चलते मौके पर भारी भीड़ जुटी रही।