कलीनगर। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की बढ़ती सक्रियता पर्यटन सत्र को रोमांचक बना रही है। सफारी ट्रैक पर एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ अठखेलियां करती नजर आई। एक साथ पांच बाघों की मौजूदगी की तस्वीरें सामने आने के बाद सैलानियों में उत्साह बढ़ गया है। जंगल में बाघों के इस कुनबे की चहलकदमी वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी खास सौगात से कम नहीं है।
पीटीआर में बाघों की नई पीढ़ी भी अब जंगल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने को तैयार है। वन विभाग के मुताबिक, रिजर्व की दो चर्चित बाघिनों के कुनबे से जन्मे सात शावक अब युवा हो चुके हैं। जल्द ही इनके स्वतंत्र रूप से विचरण करने की संभावना है। दूसरी ओर, पर्यटन क्षेत्र में एक बाघिन अपने चार शावकों के साथ लगातार नजर आ रही है। इस तरह जंगल में एक ओर सात युवा बाघों के स्वतंत्र विचरण की तैयारी है, तो दूसरी ओर चार शावकों के साथ बाघिन की मौजूदगी सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
बाघिन और उसके शावकों की एक साथ मौजूदगी पीटीआर में वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण और संरक्षण के प्रयासों का सुखद संकेत भी है। सफारी के दौरान बाघों की गतिविधियां देखने की उम्मीद में आने वाले पर्यटकों के लिए यह नजारा पर्यटन सत्र का रोमांच और बढ़ाने वाला है। बाघों की बढ़ती संख्या और उनकी सक्रियता से पीलीभीत टाइगर रिजर्व में वन्यजीव पर्यटन को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि वन्यजीवों की स्वाभाविक दिनचर्या और पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सफारी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि वन्यजीवों की गतिविधियां प्रभावित न हों और पर्यटक सुरक्षित वातावरण में जंगल के रोमांच का आनंद ले सकें।
-
भालू और बाघ का हुआ आमना-सामना, वीडियो वायरल
फोटो:17
पीटीआर के जंगल मार्ग पर बाघ और भालू का आमना सामना हो गया। भालू बाघ की ओर दौड़ा। कुछ देर सामना करने के बाद बाघ जंगल मार्ग से हटकर झाड़ियों में होकर वहां से निकल गया। इस दौरान जंगल सफारी का आनंद ले रहे सैलानी भी वहां पहुंच गए। पूरे नजारे को कैमरे में कैद किया। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
खेतों में मिले बाघ के पगचिह्न, ग्रामीणों में दहशत
फोटो: 19
माधोटांडा। खटीमा मार्ग पर पिपरिया संतोष गांव के पास खेतों में बाघ की चहलकदमी के संकेत मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बृहस्पतिवार सुबह खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीणों को बाघ के पैरों के निशान दिखाई दिए। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। इस पर क्षेत्रीय वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पैरों के निशान को ट्रेस कर बाघ की मौजूदगी की पुष्टि करने का प्रयास किया। जिस स्थान पर पैरों के निशान मिले हैं, वह जंगल से सटा हुआ इलाका है। ऐसे में आसपास के खेतों में काम करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की टीम को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की अपील की गई है। संवाद
पीटीआर में चार शावकों के साथ विचरण करती बाघिन। स्रोत विभाग
पीटीआर में चार शावकों के साथ विचरण करती बाघिन। स्रोत विभाग