फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: 115 करोड़ रुपये से बनेगा देवहा नदी पर पुल, राज्यमंत्री ने किया भूमि पूजन

Fri, 20 Nov 2026 12:18 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
अमरिया क्षेत्र के भगा मोहम्मद गंज पुल व सड़क निर्माण के लिए भूमि पूजन करते राज्मंत्री संजय सिंह
विज्ञापन
अमरिया। तहसील क्षेत्र के भगा मोहम्मदगंज-नगरिया कॉलोनी मार्ग पर देवहा नदी के क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के राज्यमंत्री व सदर विधायक संजय सिंह गंगवार ने 115 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल का विधिवत भूमि पूजन किया। पुल निर्माण शुरू होने से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को अमरिया तहसील और पीलीभीत जिला मुख्यालय पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
विज्ञापन

करीब ढाई वर्ष पूर्व बरसात के दौरान देवहा नदी में आई भीषण बाढ़ से भिखारीपुर-माधोपुर मार्ग पर भगा मोहम्मदगंज गांव के पास बने पुल की एप्रोच सड़क समेत कई स्थानों की सड़क नदी में समा गई थी। इसके बाद से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया था। मार्ग बंद होने के कारण भिखारीपुर, उगनपुर, हिमकनपुर, अंडरायन, पिंजरा वमनपुरी, सरैंदा पट्टी, जंगरौली आशा, कुर्री, गुलड़िया दुल्हन, सिमरिया गौसू, रफियापुर और महचंदी समेत कई गांवों के लोगों को पीलीभीत शहर और अमरिया तहसील पहुंचने के लिए करीब 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।
भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले राज्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से संवाद किया और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा शासनकाल में ही इस पुल का निर्माण कराया गया था। यदि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप हुआ होता तो पुल इस तरह क्षतिग्रस्त नहीं होता। उन्होंने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि नए पुल का निर्माण मजबूत तकनीकी मानकों के आधार पर कराया जाएगा, जिससे देवहा नदी में भीषण बाढ़ आने पर भी पुल को नुकसान न पहुंचे। राज्यमंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज भी अब जागरूक हो चुका है और समाजवादी पार्टी के बहकावे में नहीं आएगा।
विज्ञापन

-
लोकनिर्माण विभाग व सेतु निगम मिलकर बना रहा पुल
लोकनिर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार जैन ने बताया कि भगा मोहम्मदगंज पुल निर्माण पर कुल 115 करोड़ का बजट शासन से स्वीकृत हुआ है। इस काम को लोकनिर्माण विभाग व सेतु निगम मिलकर करेगा। करीब एक साल में इस पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। एक्सईएन ने बताया कि आगामी साल बारिश के मौसम के पहले पुल बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें