अमरिया क्षेत्र में मिले बाघ के पगचिह्न।
- फोटो : PILIBHIT
अमरिया। बाइक से घर जा रहे किसान के बाघ देखकर होश उड़ गए। सड़क पर बाइक छोड़ वह खेत में छिप गया। अन्य राहगीरों के पहुंचने के बाद आगे रवाना हुए। सूचना पर दूसरे दिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए।
गांव जगत निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य काला सिंह ने बताया कि वह बृहस्पतिवार देर शाम गजरौला फार्म के रास्ते से घर लौट रहे थे। गजरौला गांव के पास पहुंचते ही डबरी किनारे एक बाघ जंगली सुअर को दौड़ाता हुआ आया। बाघ को सामने देख उनके पसीने छूट गए। खुद की जान बचाने को उन्होंने बाइक सड़क पर खड़ी कर दी और नजदीक के खेत में छिप गए। कुछ देर बाद गांव तिरकुनिया नसीर निवासी इसरार अहमद, मोहम्मद जावेद, गांव बरा मंझलिया निवासी रहीस अहमद भी आ गए। फिर वह बाहर निकले और बाघ की चहलकदमी के बारे में बताया। फिर सभी साथ में बाइक से आगे रवाना हुए। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ के पगचिह्न ट्रेस कर ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। उधर पड़ोस के गांव खलीनवादा में प्रशांत शुक्ला के गेहूं के गीले खेत में बाघ के ताजा पगचिह्न मिलने से दहशत बनी रही। सामाजिक वानिकी के डीएफओ संजीव कुमार ने बताया कि बाघों की चहलकदमी को लेकर टीमें अलर्ट है। निगरानी कराई जा रही है। ग्रामीणों को भी अलर्ट किया जाता है।