पीलीभीत। जंगल में बाघों की अठखेलियां, वन्यजीवों की चहलकदमी और तराई की प्राकृतिक खूबसूरती अब विदेशी सैलानियों को भी खूब लुभा रही है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की पहचान देश की सीमाओं से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर अपनी जगह बना रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नए पर्यटन सत्र के शुरुआती 15 दिनों में ही 1788 पर्यटक जंगल सफारी के लिए पहुंचे। इनमें ऑस्ट्रेलिया समेत विभिन्न देशों के 11 विदेशी सैलानी भी शामिल हैं। लगातार हो रही बाघों की साइटिंग पर्यटकों के आकर्षण को और बढ़ा रही है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक नवंबर से नए पर्यटन सत्र का आगाज हुआ है। शुरुआत से ही यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। एक से 15 नवंबर तक 1788 सैलानियों ने जंगल सफारी कर वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का रोमांच महसूस किया। जंगल में बाघों की मौजूदगी और उनकी साइटिंग पर्यटकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है। वहीं, घने जंगलों के बीच स्थित चूका बीच की प्राकृतिक छटा भी सैलानियों को खूब भा रही है।
तराई के इस जंगल में बाघों के साथ अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी, हरियाली और जैव विविधता इसे दूसरे पर्यटन स्थलों से अलग पहचान दिलाती है। पिछले पर्यटन सत्र में भी विदेशी सैलानियों ने पीटीआर में खास दिलचस्पी दिखाई थी। अब नए सत्र के शुरुआती पखवाड़े में ही विदेशी पर्यटकों की आमद ने वन विभाग की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। विभाग को उम्मीद है कि बाघों की लगातार साइटिंग और बेहतर पर्यटन सुविधाओं के चलते इस बार विदेशी सैलानियों की संख्या में और इजाफा होगा।
पिछले सत्र में 216 विदेशी पर्यटकों ने निहारे थे जंगल के नजारे
पीलीभीत टाइगर रिजर्व का पिछला पर्यटन सत्र पर्यटकों की आमद के लिहाज से खास रहा था। एक नवंबर 2025 से 30 जून 2026 तक चले सत्र में 56,567 भारतीय और 216 विदेशी पर्यटकों समेत कुल 56,783 सैलानी यहां पहुंचे थे। अब नए सत्र के शुरुआती 15 दिनों में ही 11 विदेशी पर्यटकों के पहुंचने से इस बार भी पर्यटन के आंकड़े बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
लगातार बढ़ रहा पर्यटकों का रुझान
पीटीआर के डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जंगल में बाघों की साइटिंग से विदेशी सैलानी खासे उत्साहित हैं। पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा के इंतजामों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।