फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक नवंबर से ही खुलेगा टाइगर रिजर्व... सैलानियों को मानने होंगे नए नियम

विज्ञापन
चूका बीच में सैलानियों के ठहरने के लिए तैयार की जा रहीं हट। - फोटो : PILIBHIT
विज्ञापन
पीलीभीत। कोरोना के चलते महीनों से सैर सपाटा करने का मन बनाए बैठे सैलानियों के लिए खुशखबरी है। सैलानियों को अब एक नवंबर से ही टाइगर रिजर्व के हरे-भरे जंगल की ताजी हवा में सांस लेने की आजादी होगी। टाइगर रिजर्व प्रशासन ने एक नवंबर से सातवां पर्यटन सत्र शुरू करने की घोषणा कर दी है। मगर, इस बार सैलानियों को कोविड-19 के चलते नए नियमों को पालन करना होगा। चूका बीच में इस बार नए डिजायन की हट देखने को मिलेंगी।
विज्ञापन

पिछले पर्यटन सत्र में हुए नुकसान की भरपाई के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) प्रशासन ने दुधवा नेशनल पार्क की तर्ज एक नवंबर से नया पर्यटन सत्र शुरू करने का निर्णय लिया है। हालांकि बीते वर्षों में पीटीआर का पर्यटन सत्र हर साल 15 नवंबर से ही शुरू होता रहा है। बृहस्पतिवार को चीफ कंजर्वेटर और कार्यवाहक फील्ड डायरेक्टर जावेद अख्तर और पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वनाधिकारियों के मुताबिक इको टूरिज्म स्पॉट को बेहतर बनाने की दिशा में पांच करोड़ की लागत से चलने वाला काम भी लगभग पूरा हो चुका है। सैलानियों को इस बार चूका बीच में नए डिजायन की हटें देखने को मिलेगी। पीटीआर प्रशासन आने वाले दिनों में सैलानियों को बहुत कुछ नया दिखाने की तैयारियों में भी जुटा है।
कोविड गाइडलाइन का करना होगा पालन
नए पर्यटन सत्र में सैलानियों और पर्यटन से जुड़े कर्मचारियों को कोविड-19 की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। पीटीआर में आने वाले सैलानियों की गेट पर ही थर्मल स्क्रीनिंग होगी। किसी सैलानी में कोरोना संक्रमण के लक्षण मिलने की दशा में उसके अलावा साथ में आए अन्य सैलानियों को भी टाइगर रिजर्व परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सफारी वाहन में छह सैलानियों की जगह इस बार केवल चार सैलानी ही बैठ सकेंगे। सैलानियों के अतिरिक्त वाहन में चालक और गाइड भी मौजूद होगा। प्रत्येक वाहन में सैनिटाइजर उपलब्ध रहेगा। टाइगर रिजर्व एरिया में बिना मास्क पाए जाने पर 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा।
विज्ञापन

सैनिटाइजर का खर्च भी वहन करेंगे सैलानी
सफारी वाहनों को प्रत्येक सत्र में सैनिटाइज किया जाएगा। उस पर आने वाले खर्च को सैलानियों में बराबर-बराबर हिस्सों में बांटा जाएगा। सैनिटाइजेशन की व्यवस्था के लिए किसी निजी फर्म से अनुबंध किया जाएगा।
एक हट में ठहर सकेंगे दो सैलानी
कोरोनाकाल में रात्रि विश्राम के लिए एक हट में दो सैलानियों को ही ठहरने की अनुमति होगी। हटों को रोजाना सैनिटाइज किया जाएगा। उसका खर्च भी संबंधित सैलानी से लिया जाएगा।
मेन्यू की जगह मिलेगी भोजन थाली
ठहरने वाले सैलानियों को अलग-अलग समय निर्धारित करते हुए भोजन के लिए कैंटीन में उपस्थित होना पड़ेगा। विस्तृत मेन्यू की जगह केवल भोजन की थाली की व्यवस्था रहेगी। इसी तरह का जलपान में भी मेन्यू होगा।
कोरोनाकाल में सैलानियों को राहत देने के लिए टाइगर रिजर्व को एक नवंबर से खोलने का निर्णय लिया गया है। हालांकि अभी शासन से आदेश प्राप्त नहीं हुआ है, मगर इसी तारीख पर टाइगर रिजर्व खुलना तय है। एक नवंबर से टाइगर रिजर्व खोलने की अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। कोविड-19 की गाइड लाइन के मुताबिक ही पर्यटन सत्र को संचालित किया जाएगा। - जावेद अख्तर, चीफ कंजर्वेटर/कार्यवाहक फील्ड डायरेक्टर
नए पर्यटन सत्र के लिए 31 टूरिस्ट गाइडों की हुई परीक्षा
माधोटांडा। चूका बीच में नए पर्यटन सत्र को लेकर टाइगर रिजर्व प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जंगल सफारी की जिम्मेदारी संभालने वाले टूरिस्ट गाइडों के चयन को लेकर बृहस्पतिवार को परीक्षा हुई। उसमें 31 गाइडों ने भाग लिया। महोफ रेंज स्थित गेस्टहाउस में एसडीओ उमेश राय की देखरेख में परीक्षा आयोजित की गई। प्रोजेक्टर के माध्यम से सवाल पूछे गए। परीक्षा में 31 गाइडों ने भाग लिया। एसडीओ उमेश राय ने बताया कि परीक्षा में कोविड-19 गाइडलाइन, वन्यजीव और पक्षियों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। परीक्षा संपन्न कराने में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना निदेशक नरेश कुमार, रेंजर आरिफ जमाल का सहयोग रहा।

महोफ रेंज स्थित इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच का गेट नंबर चार।- फोटो : PILIBHIT

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें