पीलीभीत। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने शनिवार को अभियान चलाकर स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की। बीसलपुर क्षेत्र में एक स्कूली वाहन बिना फिटनेस के संचालित होता मिला। वहीं, एक अन्य प्राइवेट वाहन में एलपीजी किट लगी हुई थी, इसके माध्यम से स्कूली बच्चों का परिवहन किया जा रहा था।
दोनों वाहनों को थाना बीसलपुर की पुलिस चौकी के सुपुर्द किया गया। अभियान के दौरान पीलीभीत–बरेली मार्ग पर भी बिना फिटनेस के एक अन्य वाहन भी स्कूली बच्चों का परिवहन करते मिला।
कार्रवाई करते हुए ललोड़ीखेड़ा पुलिस चौकी पर वाहन खड़ा कराया गया। इसके अलावा दो अन्य वाहनों की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर उनके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
जयपुर से पीलीभीत आ रही एक यात्री बस परमिट शर्तों का उल्लंघन कर संचालित की जा रही थी। इस पर उसके विरुद्ध भी सीज की कार्रवाई अमल में लाई गई। कार्रवाई के दौरान यात्रीकर अधिकारी बर्डिस चतुर्वेदी भी मौजूद रहीं।