पूरनपुर में रेलवे की जमीन पर ट्राली से गिराया जाता कूड़ा - रेलवे
- फोटो : Archive
पूरनपुर। रेलवे की जमीन पर कूड़ा डालते हुए आरपीएफ ने नगर पालिका और पूरनपुर देहात के तीन वाहन पकड़ लिए। वाहन चालकों पर रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने पर कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया। दो वाहनों को जुर्माना वसूल कर छोड़ दिया गया।
रेलवे स्टेशन पर दूसरी ओर शेरपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप रेलवे की जमीन पर तालाब है। अक्सर नगर पालिका के कई वाहन चालक और पूरनपुर देहात के वाहन चालक वहां कूड़ा फेंक देते हैं। इसके अलावा जिस स्थान पर पहले मालगोदाम बना था। उसके समीप भी कूड़ा डाला जा रहा है। इससे स्टेशन को आवागमन करने वालों और आसपास के लोगों को गंदगी से असुविधा होती है। रेलवे परिसर में कूड़ा डालते हुए नगर पालिका और पूरनपुर देहात ग्राम पंचायत के तीन वाहनों को आरपीएफ ने पकड़ लिया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चेतराम मीना ने बताया कि तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर चालकों पर परिसर में गंदगी फैलाने का केस दर्ज किया गया। दो वाहनों पर जुर्माना लगाने के बाद छोड़ दिया गया। संवाद