बीसलपुर। घर से खाने का सामान लेने निकले बीसलपुर के गांव मझिगवां निवासी तीन किशोर लापता हो गए। सात दिन से उनका कुछ पता नहीं चला है। सगे-संबंधियों के घर तलाश के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।
बीसलपुर कोतवाली के गांव मझिगवां निवासी नन्ही देवी ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि उनका 12 वर्षीय पुत्र मोहित और श्रीकृष्ण 15 जून से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला है। बताया कि दोनों बच्चे खाने का सामान खरीदने घर से निकले थे।
इसके अलावा गांव के ही रामदीन का 10 वर्षीय पुत्र धर्मपाल भी उसी दिन से लापता है। धर्मपाल ने भी पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में कहा है कि सगे-संबंधियों के घर खोजबीन कर ली, लेकिन बच्चे का कुछ पता नहीं चला है। बता दें कि तीनों बच्चे पड़ोसी गांव नगीपुर अखौला के कंपोजिट विद्यालय में अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ते हैं।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि शनिवार को परिजनों की सूचना मिलते ही गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव के अधिकांश लोग अपने परिवार के साथ शादी व अन्य कार्यक्रमों में कार्य करते हैं। बच्चों को भी काम पर लगाया जाता है। मामले की जांच की जा रही है।
लापता धर्मपाल
लापता धर्मपाल