पीलीभीत के बीसलपुर क्षेत्र में किशोरी को खंडहर में ले जाकर दुष्कर्म करने और मोबाइल से उसकी वीडियो बनाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित किशोरी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। घटना में शामिल दो अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 21 जनवरी की रात 11 बजे एक खंडहर में ले जाकर किशोरी से दुष्कर्म किया गया। साथ ही मोबाइल से किशोरी का आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया गया। शिकायत करने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। किशोरी ने घर लौटकर अपनी मां को पूरे मामले की जानकारी दी थी। किशोरी की मां ने कोतवाली में अगले दिन दुष्कर्म करने, गाली गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और पाक्सो व आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्राथमिकी में प्रशांत कुमार, अवनीश कुमार ,विकास कुमार, शरद कुमार और सुमित कुमार को नामजद किया गया था। पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपी शरद कुमार ,प्रशांत कुमार और सुमित कुमार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया है। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि इस बात की भी जांच की जाएगी कि पीड़िता नाबालिग है या नहीं। उन्होंने कहा कि शेष दोनों भागे हुए नामजद आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।