कोतवाली पहुंचे सिख संगत के प्रतिनिधि मंडल में शामिल लोग।संवाद
पूरनपुर। होटल एंड रेस्टोरेंट संचालक के दूसरे होटल में खाना भिजवाने में असमर्थता व्यक्त करने पर हिंदूवादी संगठन के नेता ने मोबाइल फोन पर गाली-गलौज करने के साथ ही धमकी भी दी। आरोप है कि केश की बेअदबी की। इसके विरोध में सिख संगत के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
गुरुद्वारा श्री सिंह सभा के प्रधान रणजीत सिंह, पूर्व प्रधान बलजीत सिंह खैहरा के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे लोगों ने बताया कि आरोपी ने केश पर टिप्पणी कर बेअदबी की है। घुंघचाई थाने के गांव खानपुर चुकटिहाई निवासी गुरनाम सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा।
गुरनाम सिंह ने बताया कि घुंघचाई चौराहा के समीप उसका होटल एंड रेस्टोरेंट है। शुक्रवार रात करीब सवा 11 बजे उसके पुत्र के मोबाइल फोन पर हिंदूवादी संगठन के नेता ने कॉल करके खाना कोतवाली रोड स्थित एक होटल में भिजवाने के लिए कहा। होटल बंद होने की जानकारी और खाना भिजवाने में असमर्थता व्यक्त करने पर आरोपी ने अभद्रता शुरू कर दी।
पुत्र को गालियां दी और हत्या कराने के साथ फूड इंस्पेक्टर से सैंपल भरवाने की धमकी दी। आरोप है कि दो साल पावर होने का तर्क देकर केश को लेकर अभद्र टिप्पणी की। गुरनाम सिंह ने कॉल रिकार्डिंग की पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी। इंस्पेक्टर क्राइम ने जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।