गोमती नदी के खोदाई कार्य के शुभारंभ के दौरान विधायक बाबूराम पासवान, डीएम ज्ञानेंद्र सिंह व अन्य
कलीनगर। अस्तित्व के संकट से जूझ रही गोमती नदी को फिर से अविरल बनाने की दिशा में अब प्रयासों ने रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को तीसरे चरण की खोदाई का शुभारंभ विधायक बाबूराम पासवान और डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की मौजूदगी में किया गया। इससे नदी के पुनर्जीवन की उम्मीद और मजबूत हुई है।
गोमती नदी के पुनर्जीवन के लिए चल रहे अभियान के तहत बुधवार को तीसरे चरण की खोदाई कार्य की शुरुआत की गई। माधोटांडा ग्राम पंचायत स्थित उद्गम स्थल के पास से सुंदरपुर गांव तक यह कार्य श्रमदान के माध्यम से शुरू कराया गया। इस दौरान तीन जेसीबी मशीनों की मदद से सर्वोदय इंटर कॉलेज से सुंदरपुर गांव तक करीब 1500 मीटर क्षेत्र में नदी की खोदाई शुरू की गई। निर्धारित योजना के तहत नदी को लगभग एक मीटर गहरा और सात मीटर चौड़ा किया जा रहा है, ताकि जल प्रवाह सुचारु हो सके। हालांकि गोमती नदी के जीर्णोद्धार के लिए दो चरणों में कार्य किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत स्तर पर अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्र में नदी की सफाई और खोदाई हो सके। इस दौरान एसडीएम प्रमेश कुमार के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, गोमती ट्रस्ट के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। संवाद