पीलीभीत। स्टेडियम रोड पर रखे ट्रांसफार्मर में दिक्कत आ जाने से सुनगढ़ी मोहल्ले की बिजली करीब आठ घंटे तक गुल रही। सुबह आठ बजे गुल हुई बिजली दोपहर बाद जाकर उपभोक्ताओं को मिल सकी। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में रोजाना हो रही बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। बुधवार की देर रात से शहर के अलग-अलग मोहल्लों में हुई बिजली कटौती से रात भर उपभोक्ता जूझते रहे। बृहस्पतिवार को स्टेडियम रोड पर रखे ट्रांसफार्मर के आधे हिस्से में तकनीकी दिक्कत आ जाने से सुनगढ़ी क्षेत्र के करीब 400 उपभोक्ताओं की बिजली प्रभावित हुई।
सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर तक बिजली न मिल पाने से उपभोक्ताओं को पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा। इसके अलावा लोगाें के घरों के इंवर्टर भी डाउन हो गए। लोगों को ठंडा पानी भी नसीब नहीं हो सका। करीब शाम चार बजे यहां की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सका।
इसके बाद भी कटौती का सिलसिला जारी रहा। इसके अलावा शहर के लाल रोड, शरीफ खां चौराहा, भूरे खां, अशरफ खां, निरंजन कुंज, अयोध्या पुरम समेत करीब 20 मोहल्लों के अलावा तुलाराम दूधिया, मंदिर रोड, लेखराज चौराहा, मुख्य बाजार, कोतवाली के पास, एकता नगर, अशोक कॉलोनी, सुरभि कॉलोनी आदि मोहल्लों में भी बिजली कटौती से लोग परेशान हुए।
नकटादाना उपकेंद्र पर लगे ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ जाने से वह बार-बार गर्म पड़ रहा था। इसको लेकर वहां पर कूलर लगवाए गए। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि सुनगढ़ी क्षेत्र के अलावा अन्य जगहों पर कोई विशेष दिक्कत नहीं रही।
व्यापारियोंं के प्रदर्शन के बाद विद्युत आपूर्ति में सुधार
बीसलपुर। दुकानदारों के विरोध प्रदर्शन के बाद बृहस्पतिवार को मुख्य मार्केट में बिजली आपूर्ति में सुधार दिखा, जिससे दुकानदारों ने राहत की सांस ली।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की अनदेखी के चलते मुख्य मार्केट में पिछले कई दिनों से बिजली का संकट बना हुआ था। इससे व्यापारियों को काफी दिक्कत हो रही थी। अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने पर भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारियों ने बुधवार को मुख्य मार्केट में आर्यसमाज भवन के सामने ऊर्जा निगम के विरोध में प्रदर्शन किया था।
अमर उजाला ने 30 मई के अंक में पृष्ठ संख्या दो पर बिजली कटौती के विरोध में दुकानदारों ने किया प्रदर्शन शीर्षक से सचित्र समाचार प्रकाशित किया गया। समाचार को संज्ञान में लेने के बाद अधिकारियों ने व्यवस्था दुरुस्त करा दी। इसके बाद बृहस्पतिवार को मुख्य मार्केट में बिजली नियमित रूप से आई। इस बावत ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली की कोई कटौती स्थानीय स्तर पर नहीं की जा रही है। संवाद