पीलीभीत के न्यूरिया इलाके के गांव मैदना में सोमवार दोपहर गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। खेत और आसपास के क्षेत्र में कांबिंग की गई, लेकिन तेंदुआ के निशान नहीं मिले। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पहले खेत में फिर पेड़ पर दिखाई दिया।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को अपराह्न करीब तीन बजे मंगली प्रसाद के गन्ने के खेत में उनकी पत्नी ओमवती और पुत्रियां पिंकी व खुशबू निराई कर रही थीं। इसी दौरान पिंकी की नजर गन्ने के खेत में चहलकदमी कर रहे एक तेंदुए पर पड़ी। इसको देखकर उसने शोर मचा दिया, जिसके बाद तीनों खेत से बाहर भाग आईं। बताया जा रहा है कि तेंदुआ एक खेत में खड़े पेड़ पर चढ़ गया। काफी देर बैठा रहा। इसका वीडियो भी कुछ लोगों ने बनाया है।
वन विभाग की टीम ने किया निरीक्षण
तेंदुआ दिखने की सूचना पर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे प्रधान कृष्ण कुमार को पिंकी ने पूरी घटना बताई। इसके बाद प्रधान ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा और योगेंद्र बहादुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की ओर से वन दरोगा नवीन सिंह बोरा, टाइगर ट्रैकर धर्मेंद्र और जगन्नाथ ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
टीम ने गन्ने के खेत और आसपास के इलाके में कॉम्बिंग की, लेकिन तेंदुआ की मौजूदगी के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले। किसानों व खेतों में काम करने वाले मजदूरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। हालांकि तेंदुआ की मौजूदगी के कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। फिर भी एहतियात के तौर पर क्षेत्र की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।