जटपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र । संवाद
पीलीभीत। भीषण गर्मी में जहां लोग एसी और कूलर के मोह में दिन में घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं, वहीं पूरनपुर क्षेत्र के गांव जटपुरा की पीएचसी में तैनात स्वास्थ्य कर्मी गर्मी से बेहाल है। यहां अरसे से बिजली का कनेक्शन ही नहीं है तो इनवर्टर की भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।
गांव जटपुरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हालत काफी जीर्णशीर्ण है। सुरक्षा के लिहाज से चहारदीवारी नहीं है तो सबसे बड़ी समस्या बिजली की है। यहां बिजली का कनेक्शन ही नहीं है। ऐसे में गर्मी में स्वास्थ्य कर्मी और यहां आने वाले मरीज परेशान रहते हैं।
सुबह से दोपहर दो बजे तक पसीने में तर होकर दवा बांटने और उपचार करने का काम किया जाता है। खास बात यह है कि अब तक अधिकारियों की ओर से कनेक्शन लेने के लिए कोई प्रयास ही नहीं किया गया है। (संवाद)
.........
रोजाना 20 से 30 आते हैं तीस मरीज
जटपुरा पीएचसी पर रोजाना बीस से तीस मरीज आते हैं। यहां पर रविवार को मेला भी लगता है। मात्र एक हैंडपंप है। इसी से काम चलाया जा रहा है।
.........
चोरी हो गया था सौर पैनल
बिजली का कनेक्शन न होने पर दो सौर पैनल भेजे गए थे। दिन में उनको बाहर रखा जाता था। इसमें एक चोरी हो गया। उसके बाद व्यवस्था पंगु हो गई।
..........
चिकित्सक सहित चार का है स्टाफ
पीएचसी पर चिकित्सक डाॅ. सौरभ गंगवार की एमओ के पद पर तैनाती है। इसके अलावा फार्मासिस्ट विनय सिंह, एलए राकेश कुमार और वार्ड बॉय की तैनाती है। चिकित्सक यहां पर कम ही आते है। उनकी सीएचसी पर इमरजेंसी और पोस्टमार्टम में ड्यूटी लगी रहती है। ऐसे में अस्पताल फार्मासिस्ट के सहारे रहता है।
.......
जटपुरा पीएचसी में बिजली का कनेक्शन नहीं है तो इसे दिखवाया जाएगा। अन्य अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए पूरनपुर एमओआईसी को निर्देश दिए जाएंगे।
- डॉ. आलोक कुमार, सीएमओ