पूरनपुर। दुकानदार से विवाद पर गांव के बाहर टहलने निकले सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर माती निवासी रंजीत पर आरोपियों ने धारदार हथियार हमला कर दिया। आरोप है कि उसकी जेब में रखे 640 रुपये भी छीन लिए। गले में रस्सी का फंदा डालकर बाइक से खींचने की धमकी दी। पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रमेश ने बताया कि 23 नवंबर को उसका पुत्र रंजीत गांव में विजय उर्फ विजेंद्र गुप्ता की दुकान पर घरेलू सामान लेने गया था। खुले रुपये न होने पर दुकानदार विजय ने उसके पुत्र से अभद्रता की। अपने पुत्रों को बुलाकर पिटवाने की धमकी दी।
अगले दिन उसका पुत्र रंजीत गांव के बाहर टंकी के पास घूमने गया था। पहले से घात लगाए बैठे विजय के पुत्र गुड्डू और आशीष ने रंजीत को धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। गले में रस्सी का फंदा डालकर बाइक में बांधकर खींचने की धमकी दी। रंजीत ने भागकर बमुश्किल अपनी जान बचाई। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने रमेश की तहरीर पर गुड्डू और आशीष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।