महिलाओं को मिला स्वादिष्ट भोजन बनाने का प्रशिक्षण, इस सप्ताह से तीन जगहों पर कर सकेंगी संचालन
पीलीभीत। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया है। उन्हें कैंटीन व्यापार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जिले की 28 महिलाओं को स्वादिष्ट व्यंजन बनाना सिखाया गया है। उनके लिए पूरनपुर तहसील व नगर पालिका पीलीभीत में प्रेरणा मॉडल कैंटीन तैयार की जा रही है। इसमें महिलाएं विभिन्न तरह के व्यंजन बनाकर खिलाएंगी। समूह की महिलाएं इस सप्ताह से कैंटीन का संचालन कर सकेंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने के लिए मॉडल प्रेरणा कैंटीन के संचालन का जिम्मा दिया जाएगा। इसके लिए अभी तीन स्थानों को चिह्नित किया गया है। यह कैंटीन सदर तहसील परिसर, नगर पालिका कार्यालय, सदर तहसील पूरनपुर में संचालित की जाएगी। कैंटीन में महिलाएं छोले-भटूरे, समोसे, कॉफी, बर्गर सहित अन्य प्रकार के व्यंजन बनाकर बेच सकेंगी। मॉडल प्रेरणा कैंटीन के संचालन के लिए अलग-अलग समूहों की महिलाओं की एसोसिएशन ऑफ पर्सन (एओपी) तैयार की गई। एक एओपी में 6 से 8 महिलाएं शामिल गई हैं। प्रत्येक एओपी मॉडल प्रेरणा कैंटीन की शुरुआत के लिए 1.80 लाख रुपये स्वयं से लगाएगी, जबकि दो लाख रुपये का अनुदान विभाग देगा। मई माह के अंत तक इन दोनों मॉडल प्रेरणा कैंटीन चलाने की तैयारी कर दी गई है। संवाद
-
मॉडल प्रेरणा कैंटीन स्वयं सहायता की समूह की महिलाओं के लिए नया प्रोजेक्ट रहेगा। खाने-पीने के बढ़ते व्यापार के चलते इसको चयन किया गया है। अगर यह तेजी से चलेगा तो अन्य ब्लॉक पर भी कार्य किया जाएगा।
- वंदना सिंह, उपायुक्त, स्वत: रोजगार