पीलीभीत। इंदिरा आवास की लाभार्थी महिला को सचिव ने प्रधान के साथ मिलकर दोबारा से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दे दिया। इसकी जानकारी होने पर डीपीआरओ ने खंड विकास अधिकारी को जांच के लिए पत्र जारी कर संबंधित सचिव पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायतों में आने वाले बजट को खपाने के लिए जमकर गोलमाल किया जा रहा है। मामला बिलसंडा ब्लाॅक की ग्राम पंचायत पस्तौर कुईंया का है। यहां तैनात पंचायत सचिव प्रियांशु द्विवेदी ने लाभार्थी को दो बार योजना का लाभ दे दिया। ग्राम पंचायत में रहने वाली विमला देवी को वित्तीय वर्ष 2006-07 में इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत लाभ दिया जा चुका है। इसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए लोगों का चयन किया जाना था। ऐसे में पंचायत सचिव ने प्रधान के साथ मिलकर महिला को इस योजना से लाभांवित करते हुए उसके खाते में एक लाख 17 हजार रुपये भेज दिए। मामले की जानकारी मिलने पर सामने आया कि लाभार्थी को दो बार योजना का लाभ दिया गया।
डीपीआरओ ने पूरे मामले की जांच के लिए खंड विकास अधिकारी बिलसंडा को पत्र जारी कर संबंधित सचिव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में मामला सही पाए जाने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने भी डीएम से की थी मामले की शिकायत
ग्रामीणों ने मामले की शिकायत कुछ दिनों पूर्व डीएम से भी की थी। इसमें आरोप लगाया कि पंचायत सचिव ने ग्राम पंचायत में विकास कार्याें के नाम हैंडपंप रिबोर, मरम्म्त कार्य सहित अन्य कार्याें को दर्शाकर लाखों रुपये का झोल किया। संवाद