जिले के मतदानकर्मियों ने डाला वोट
जिले में भले ही 15 फरवरी को वोट डाले जाएंगे लेकिन मतदान का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हो गया। चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों ने मंडी में प्रशिक्षण के बाद अपने वोट डाले। हालांकि अव्यवस्थाओं के चलते पहले दिन ईडीसी मतदाताओं को काफी देर परेशान होना पड़ा। जिले में मतदान के लिए सभी 1427 बूथों पर चार सदस्यीय टीम के अलावा लगभग 10 हजार अधिकारी कर्मचारी चुनाव पर ड्यूटी में लगाए गए हैं। मतदान के दिन यह सभी कर्मचारी व्यस्त होंगे ऐसे में इन सभी को वोट डालने का मौका चुनाव से पूर्व ही दिया गया है। चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों (ईडीसी) को वोट डालने के लिए मंडी समिति में ही विधानसभा वार व्यवस्था की गई है। संबंधित कर्मचारी को फार्म 12क भरकर संबंधित विधानसभा कांउटर पर जमा करना होगा। इस पर उसे मतपत्र दिया जाएगा जिसपर मोहर लगाने के बाद उसे लिफाफे में बंद कर मतपेटी में डाला जाएगा। बृहस्पतिवार को मंडी में यह प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।
अव्यवस्थाओं के चलते घंटों परेशान रहे ईडीसी वोटर
ईडीसी मतदाताओं को चुनाव ड्यूटी भेजने के साथ ही वोटिंग की जानकारी का प्रपत्र भी भेजा गया है लेकिन मंडी में इसके लिए व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हो सकी। पूरनपुर विधानसभा के काउंटर पर दोपहर को 24 वोट पडने के बाद प्रपत्र खत्म होने के कारण वोटिंग बंद कर दी गई। कमोवेश अन्य विधानसभाओं में भी यही स्थिति रही। चार बजे प्रपत्र आने पर मतदान शुरू हुआ।
वोटर संख्या जानने को लगाए गए कंप्यूटर
मतदान कर्मियों को वोट डालने के लिए अपना मतदाता क्रमांक व बूथ संख्या आदि की जानकारी ऑनलाइन हासिल कराने के लिए चार कंप्यूटर लगाए हैं। इस पर मतदाता अपने नाम, पिता का नाम अथवा वोटर आईडी नंबर के आधार पर बूथ व मतदाता क्रमांक आदि की जानकारी हासिल करते देखे गए।