गांव डांग में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शक
संवाद न्यूज एजेंसी
जहानाबाद। गांव डांग में चल रहे रात्रि क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार की रात तीन मुकाबले हुए। इसमें भिकारीपुर, कटहरा ढाल और पैगा रिछा की टीम ने जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला डांग और कटहरा ढाल की टीमों के बीच हुआ। इसमें डांग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया और आठ ओवर में चार विकेट खोकर 90 रन बनाए। जवाब में कटहरा ढाल की टीम ने तीन विकेट खोकर छह ओवर में ही मुकाबला जीत लिया।
दूसरा मैच सिंगोती और भिकारीपुर के बीच हुआ। इसमें सिंगोती ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। आठ ओवर में आठ विकेट खोकर 42 रन बनाए। भिकारीपुर की टीम ने दो विकेट खोकर मैच जीत लिया।
तीसरा मुकाबला टीम डांग-दो और पैगा रिछा के बीच हुआ। पैगा की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय किया। डांग-दो ने बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में सात विकेट खोकर 88 रन बनाए। जवाब में पैगा रिछा की टीम ने बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच देखने के लिए काफी संख्या में दर्शक पहुंचे। मोहम्मद नसीम अंपायर रहे। जुनैद व रेहान ने कमेंट्री की जिम्मेदारी संभाली।