बरखेड़ा। कस्बा स्थित एक इंटर कॉलेज में छात्र के स्कूल न आने से नाराज शिक्षक ने उसकी छह दिन पूर्व पिटाई कर दी थी। पुलिस ने शिक्षक के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर की। छात्र का मेडिकल कराया है।
कस्बे के मोहल्ला कुंदनपुर गौटिया निवासी श्रीमती कुसुमलता ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें उनका आरोप है कि उनके 14 वर्षीय पुत्र, पंडित देवदत्त शर्मा जनता इंटर कॉलेज में कक्षा 11 में पढते हैं। बीते दिनों उसकी पुत्री की तबीयत खराब होने के कारण उनका पुत्र विद्यालय नहीं जा पाया था। आरोप है कि इसी कारण उनके पुत्र को क्लास टीचर हरिचरन लाल ने 24 सितंबर को पीटा था। इससे पुत्र के कान मे दर्द हो रहा है। कान में दर्द ठीक न होने पर पुलिस को इत्तिला दी गई। इंस्पेक्टर धीरज सिंह सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद शिक्षक के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर छात्र का मेडिकल सीएचसी पर कराया गया। चिकित्सक ने कान में दर्द होने के चलते जिला चिकित्सालय के ईएनटी सर्जन को जांच के लिए रेफर किया है। संवाद