डिग्री कॉलेज चौराहे पर नाले की स्थिति परखते टीम के सदस्य। संवाद
पालिका की टीएसी जांच लगभग पूरी, आज नगर पंचायत में रहेगी टीम
पीलीभीत। नगर पालिका की पूर्व से चल रही टीएसी जांच अंतिम दौर में है। सोमवार को विभागीय कार्य से पीलीभीत पहुंचे टीएसी की टीम ने डिग्री कॉलेज चौराहे पर मुख्य छतरी चौराहे से लगे हुए नाले में सीसी व ब्रिक के बीच की स्थिति परखी, वहीं जांच टीम जल्द ही नगर पालिका के खिलाफ चल रही पूर्व में जांच पूरी करने की बात कह रही है।
कुछ दिनों से शहर नगर पालिका व नगर पंचायत पकड़िया नौगवां दोनों निकाय में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में जांच करने के लिए मंडलायुक्त के निर्देश पर गठित टीएसी की टीम पीलीभीत पहुंच रही है। सोमवार को भी टीम के नीरज सक्सेना टीएसी प्रभारी राजेश कुमार के साथ पीलीभीत पहुंचे। नीरज सक्सेना ने नगर पालिका के अवर अभियंता सत्येंद्र नाथ, पूर्व अवर अभियंता इंद्रजीत के साथ छतरी चौराहे से डिग्री कॉलेज होते हुए रामलीला जाने वाले नाले की जांच की। उन्होंने टीएसी प्रभारी के निर्देश पर यह प्रमुखता से देखा कि नाले में कागजों में एमबी व धरातल पर नाले में लगाई गई सामग्री में क्या अंतर है। नीरज सक्सेना ने बताया टीएसी प्रभारी के निर्देश पर नाला देखा गया था, अग्रिम कार्रवाई जांच रिपोर्ट पूरी होने के बाद ही की जाएगी। वहीं टीएसी प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि नगर पालिका की जांच को विस्तृत रूप में पूरा किया जा रहा है, जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। संवाद
आज नगर पंचायत में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखेगी टीएसी
नगर पंचायत पकड़िया नौगवां के सभासद अभिषेक व अन्य लोगों के द्वारा हाल ही में की गई शिकायतों को लेकर टीएसी प्रभारी राजेश कुमार मंगलवार को नगर पंचायत पकड़िया नौगवां पहुंचेंगे। वह सभी निर्माण कार्य व अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे।