पीलीभीत। निलंबन की कार्रवाई के विरोध में सफाई कर्मियों की तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। पालिका परिसर में विरोध जताने के बाद कर्मियों ने कोतवाली पहुंचकर सामुहिक रूप से तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। हड़ताल के चलते तीन दिन बाद भी सफाई न होने से शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे।
गणेश विसर्जन के दौरान ब्रह्मचारी घाट पर बने अस्थायीय तालाब से पन्नी हटाने के मामले में सफाई नायक समेत चार सफाई कर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इसके बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी थी। निलंबन वापस लेने और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया गया था। इधर मांग पूरी न होने पर तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। शनिवार को दोपहर बाद सफाई कर्मी कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
हड़ताल के चलते शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहे। मुख्य मार्गों के अलावा गली-मोहल्लों में कूड़ा बेतरतीब तरीके से फैला रहा। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।