बीसलपुर। नायब तहसीलदार ने पकड़े गए गन्ने की जांच पूरी कर ली है। जांच में किसानों की पर्चियां फर्जी निकलीं।
किसान सहकारी चीनी मिल और गन्ना विभाग के अधिकारियों ने 29 नवंबर को गांव अमृता खास के एक धर्मकांटे पर दो ट्राॅला गन्ना पकड़ा था। अधिकारियों के अनुसार पकड़ा गया गन्ना किसी बिचौलिए का है। गन्ने को बीसलपुर चीनी मिल क्षेत्र से अवैध तरीके से शाहजहांपुर जिले की एक चीनी मिल में ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
दूसरी ओर गन्ना तौल कराने वाले लोगों का कहना था कि चीनी मिल से मिली पर्चियों के आधार पर वे क्रय केंद्र पर गन्ना ले जा रहे हैं। दोनों गांव खांडेपुर के निवासी बताए गए। अधिकारियों ने पकड़े गए गन्ने को पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। एससीडीआई मनोज साहू ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी थी।
अगले दिन चीनी मिल के केन यार्ड में किसानों ने इस मामले को लेकर हंगामा किया था। एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने नायब तहसीलदार अवधेश कुमार को मामले की जांच सौंपी थी। नायब तहसीलदार ने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है। जांच के दौरान धर्म कांटे पर गन्ना तौलवाने वाले व्यक्तियों के पास जो पर्चियां मिली थीं, वे फर्जी हैं। जांच रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी गई है।