पीलीभीत। होली को लेकर पूर्व से ही जिला अस्पताल में व्यापक तैयारियां चल रही हैं। प्राचार्य के निर्देश पर इमरजेंसी वार्ड में दवाएं व संसाधन बढ़ाए गए हैं। वहीं चिकित्सकों व कर्मचारियों की छुट्टी रद्द करते हुए तैनाती रहेगी। इसी के साथ हृदय रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग , जेआर (जूनियर रेजीडेंट) सहित सर्जन ऑन कॉल डयूटी पर तैनात रहेंगे।
होली को लेकर पूर्व से जिला अस्पताल के चिकित्सक व कर्मचारियों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को जिला अस्पताल की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि होली के त्योहार पर किसी मरीज के साथ अनहोनी न हो व शराब के नशे में लड़ने-झगड़ने व सड़क दुर्घटना के मरीज बढ़े हुए देखे जाते हैं। इसके लिए पूर्व से ही तैयारियां कर दी गई हैं। इमरजेंसी वार्ड में सर्जरी विभाग में आने वाली दवाएं व सामग्री, ट्यूब, आई ड्रोप, स्किन ट्यूब आदि बढ़ाए गए हैं। इसी के साथ जूनियर चिकित्सकों व कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती रहेगी। जांच लैब भी संचालित रहेगी। वहीं, विशेषज्ञ चिकित्सक त्वचा, नेत्र, हृदय, सर्जन ऑन कॉल पर रहेंगे। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञों को बुलाया जाएगा। संवाद