बीसलपुर। हरदोई के कस्बा संडीला से आए संत देवेंद्र मोहन भैया ने कहा कि भाईचारे से सेवा का मार्ग अपनाया जा सकता है।
देवेंद्र भैया ने बृहस्पतिवार को स्थानीय दिव्यानंद आश्रम पर प्रवचन करते हुए कहा कि प्रेम अपना कर जीवन में शांति और संतोष प्राप्त किया जा सकता है। मनुष्य को आतंरिक, सामाजिक और वैश्विक शांति के लिए सभी धार्मिक और बाहरी मतभेदों को दूर रहने की जरूरत है।
उन्होंने संत कृपाल सिंह महाराज के सत्य सनातन धर्म को ही मानव धर्म का आधार बताते हुए कहा कि कृपाल सिंह महाराज हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन आदि सभी धर्मों और पंथों के प्रति अध्यात्म और भक्ति के मार्ग से समान भाव रखते थे।
भैया ने कहा कि मनुष्य अपने चरित्र और जीवन में संयम और विकास तभी ला सकता है, जब समय रहते अपने भीतर की कमियों को दूर करे। सत्संग के बाद भंडारे का आयोजन हुआ। व्यवस्था में गेंदन लाल वैश्य, पीतमलाल, संजय श्रीवास्तव, संजीव कुमार शर्मा, रामपाल वर्मा, पुत्तूलाल शर्मा, उदयभान, राजीव आदि का विशेष सहयोग रहा।