पीलीभीत। ऑल इंडिया इत्तेहाद-ए- मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौक़ीर रजा खान ने पूरनपुर क्षेत्र के शेरपुर गांव में आयोजित सभा में सपा पर सियासी वार किया। बुधवार को आयोजित सभा का वीडियो वायरल हुआ है। सभा में मौलाना तौकीर रजा ने कहा- जो लोग समाजवादी-समाजवादी कर रहे हैं उन्हें सोचना चाहिए कि। जो पार्टी आजम खां की नहीं हुई वह आप के हक की बात कैसे कर सकती है?
मौलाना ने कहा कि साजिश के तहत आजम खां के खिलाफ किताब और मुर्गी चोरी तक मुकदमे लिखे गए पर समाजवादी पार्टी खामोश रही। आज अगर आजम खां जेल में हैं तो उसकी जिम्मेदार समाजवादी पार्टी है। मौलाना ने कहा कि जिस वक़्त आजम खां पर फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे थे उस वक्त समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया को सड़कों पर उतर कर संघर्ष करना चाहिए था। लेकिन समाजवादी पार्टी ने खामोशी अख्तियार कर ली थी। कहीं न कहीं आजम खां को मुसलमान होने की सजा मिली है।
मौलाना ने कहा कि मुसलमानों का सभी सियासी पार्टियों ने इस्तेमाल किया है। किसी में मुसलमानों को बराबरी का हक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि बरेली मजहबी मरकज है। अब मुसलमानों के हक के लिए सियासी फैसले भी बरेली से होंगे। जो सियासी जमात मुसलमानों को आबादी के हिसाब से बराबरी का हक़ देगी उसके लिए दरवाजे खुले हैं। बैठ कर बात होगी। इस मौके पर प्रभारी मौलाना जीशान, डॉ. नफ़ीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, फ़रहत खान, रुक्सार रजा खान, राशिद चौदरी, साजिद सकलैनी आदि साथ रहे।