बिलसंडा के गांव मैनी में मृतकों के घर गमजदा बैठी महिलाएं।
- फोटो : PILIBHIT
बिलसंडा/पीलीभीत। गांव मैनी निवासी रामपाल मिश्रा की पत्नी परिवार के साथ सुल्तानपुर के गांव राजापुर के लिए सुबह नौ बजे कार से निकली थीं। इसी दौरान लखनऊ के थाना नगराम के पास नहर में गिर गई। रामपाल की पत्नी, मां, पुत्री और साले के पुत्र की मौत हो गई। जबकि बेटा और दूसरी बेटी का तलाश की जा रही है। दुर्घटना की खबर घर और गांव में पहुंचते ही मातम छा गया। गांव के लोग घटना की जानकारी फोन कॉल कर लगाते रहे।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव मैनी निवासी गोधनलाल की पत्नी पूजा ने बताया कि उनके देवर रामपाल की सुसराल सुल्तानपुर के गांव कोड़वार राजापुर निवासी गंगा प्रसाद मिश्रा के यहां है। शुक्रवार सुबह नौ बजे रामपाल की पत्नी संगीता, आठ वर्षीय पुत्री अन्नया, पांच वर्षीय चाहत, तीन वर्षीय पुत्र रुद्रा के अलावा उनके पति गोधनलाल, छह वर्षीय पुत्र कपिल, 55 वर्षीय सास रूपा देवी और संगीता के भाई का छह 14 वर्षीय पुत्र रूपेश कोड़वार राजापुर जाने के लिए कार से निकले थे। गाड़ी गांव के ही कुलदीप चला रहे थे। शाम को सूचना मिली कि गाड़ी लखनऊ के पास नहर में गिर गई है। दुर्घटना में रामपाल की मां रुपा देवी (50), संगीता (32), रुपेश मिश्रा (14), चाहत (5) की नहर में डूबने से मौत हो गई। जबकि रूद्रा (3) और अनन्या (7) की तलाश की जा रही है। तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया। सभी कार सवार अचली खेड़ा स्थित रिटायर्ड आईएएस विजय शंकर पांडेय के फार्म हाउस पर जा रहे थे। जहां संगीता के पिता काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक देर शाम तक क्रेन लगाकर कार को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था।
बिलसंडा एसएचओ उदयवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। गांव पहुंचकर परिवार वालों से वार्ता की गई, मगर ज्यादा जानकारी नहीं मिल पा रही है। जिस थाना क्षेत्र में घटना हुई है, वहां के एचएसओ से वार्ता की जा रही है।