गांव खिरकिया बरगदिया में शनिवार को धरना स्थल पर मौजूद लोग।स्रोत:ग्रामीण
पूरनपुर। शारदा नदी के कटान व बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा न मिलने के विरोध में गांव खिरकिया बरगदिया में चल रहा पांच दिवसीय धरना अंतिम दिन शनिवार को भी जारी रहा। इसमें गांव के अलावा गांव राहुलनगर, कॉलोनी नंबर छह के लोग भी शामिल हुए। शाम को धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। आंदोलन की अगली रणनीति बनाने को सोमवार को गांव में फिर बैठक रखी गई है।
विभिन्न मांगों को लेकर पांच दिन पहले गांव में धरना प्रदर्शन शुरू किया गया था। इसके बाद शुक्रवार को पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया था। धरना शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान गांव राहुलनगर और कॉलोनी नंबर छह के लोग भी धरने में शामिल हुए। इसके बाद शाम को धरना समाप्त करने की घोषणा की गई।
आंदोलन की अगली रणनीति तय करने को सोमवार को गांव में फिर बैठक बुलाई गई है। शनिवार को भी नदी तेजी से भू-कटान करती रही। गांव खिरकिया बरगदिया निवासी विद्या देवी की एक एकड़ और रामप्रसाद की सवा एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल नदी में समा गई। नदी कटान करती हुई सुतिया नाले तक पहुंच गई है। इससे नाले में पानी का बहाव तेज होने पर ध्रुव कॉलोनी के लोग खतरे की आशंका व्यक्त करने लगे हैं। नाला ध्रुव कॉलोनी की आबादी के समीप से निकला है।