पीलीभीत। छह से टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और पीलीभीत-टनकपुर पैसेंजर ट्रेनें चलेंगी। पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर दोनों ट्रेनों का शुभारंभ किया जाएगा। इसको लेकर विभागीय स्तर से भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री व पीलीभीत के सांसद जितिन प्रसाद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। शुभारंभ कार्यक्रम रेलवे स्टेशन पर दिन में 11 बजे होगा और केंद्रीय मंत्री समेत अन्य नेता इसमें ऑनलाइन तरीके से जुड़ेंगे, जबकि स्थानीय स्तर पर होने वाले कार्यक्रम में अधिकारी व जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
शाहजहांपुर रेलखंड ब्रॉडगेज होने के बाद भी लंबे समय से इस रेलखंड पर लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन नहीं हो सका। इस रेलखंड पर पीलीभीत-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेनों का ही संचालन किया जा रहा है। इससे यहां से आने-जाने वाले लोगों को पीलीभीत, बरेली, शाहजहांपुर आदि जगहों पर जाकर ट्रेनों से लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ती है।
क्षेत्रीय लोगों की मांग को देखते हुए केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की ओर से भी रेल मंत्री को पत्राचार किया गया। अब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से इसको लेकर हरी झंडी दे दी गई है।
छह को टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का शाहजहांपुर के लिए विस्तार किया जाएगा। रेल मंत्री की ओर से केंद्रीय मंत्री को ट्रेनों का उद्घाटन करने के लिए निमंत्रण भी दिया गया है। इन दोनों ट्रेनों का संचालन होने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। संवाद