भदसरा में नदी कटान रोकने को बनाई पिचिंग का निरीक्षण करते राज्यमंत्री। स्रोत- मीडिया प्रभारी
पीलीभीत। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने मंगलवार को अमरिया ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम भदसरा में देवहा नदी के किनारे होने वाले कटान को रोकने के लिए बनाई गई पिचिंग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को बाढ़ के समय राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने निरीक्षण के बाद ग्राम कटमटा में चौपाल का आयोजन कर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका मौके पर मौजूद अधिकारियों से समस्याओं का निराकरण कराया।
कटमटा में नदी कटान रोकने के लिए बनाई गई पिचिंग से इस क्षेत्र के लगभग डेढ़ दर्जन गांवों को राहत मिलेगी। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ एवं बारिश में लोगों को राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरते जाने के निर्देश दिए। चौपाल में सबसे ज्यादा शिकायतें बिजली निगम की मिलीं, जहां लोगों ने बिजली सप्लाई कम मिलने सहित कई अन्य समस्याएं उठाईं। राज्यमंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों को कम से कम 22 घंटे बिजली सप्लाई दिए जाने के निर्देश दिए। चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा सहित आदि मौजूद रहे। संवाद