पीलीभीत। दहेज में एक लाख की नकदी व सोने की चेन न मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति सहित सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मिश्राइन गौटिया (देशनगर बाहर चुंगी) निवासी सुमन ने बताया कि उनकी शादी थाना गजरौला क्षेत्र के गांव सिससा सरदहा निवासी तेजप्रकाश के साथ 21 अप्रैल 2018 को हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग एक लाख की नकदी व सोने की चेन की मांग करने लगे।
दहेज की मांग पूरी न होने पर उक्त लोग उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए भूखा-प्यासा रखने लगे। इस दौरान उसने एक पुत्री को जन्म दिया, जो मौजूदा समय में पांच वर्ष की है। 27 फरवरी को ससुरालियों ने उसे व उसकी पुत्री को पीटकर निकाल दिया। इसके बाद 19 मई को शाम करीब छह बजे सभी लोग उसके मायके आए और गालियां देते हुए दहेज की मांग करने लगे।
जब उसके भाई ने इस बात का विरोध किया तो उक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। महिला ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत एसपी अविनाश पांडेय से की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति तेजप्रकाश, ससुर कन्हैया लाल, सास कुंती देवी, ननद गायत्री व गुड़िया, देवर योगेश और देवरानी रूपवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।