बाइक में लगी आग को बुझाता मंजीत व अन्य । स्रोत - सोशल मीडिया
पूरनपुर (पीलीभीत)। धोखाधड़ी कर भाई से हड़पे गए सात लाख रुपये मांगने गए किसान को पेट्रोल डालकर दबंग और उसके परिवार वालों ने जला दिया। इस दौरान उसकी बाइक भी जल गई। शोर-शराबे पर एकत्र हुए लोगों ने आग बुझाई। किसान को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना गांव हरसिंहपुर की है। मंजीत सिंह के भाई सुखविंदर सिंह से छूट पर ट्रैक्टर दिलाने का झांसा देकर सात लाख रुपये की ठगी कर ली गई। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने जनवरी माह में सुखविंदर सिंह की ओर से गांव निवासी रंजीत सिंह, बरेली के बिठौरा के सन राईस कॉलोनी निवासी सुरेंद्र सिंह की पत्नी राजवीर कौर, उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता निवासी बिट्टू के खिलाफ धोखाधड़ी कर अमानत में खयानत करने, गाली-गलौज कर पिटाई कर धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गई। बाद में पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की।
मंजीत सिंह ने बताया कि रंजीत सिंह ट्रक ड्राइवर है। कई दिनों बाद उसके घर लौटने पर रुपये मांगने उसके घर गया। आरोप है कि रंजीत सिंह और उसके परिजनों ने गाली-गलौज कर उसकी पिटाई की। बाद में रंजीत सिंह ने बोतल से उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और उसकी मां ने आग लगा दी।
मंजीत सिंह की चीख-पुकार पर एकत्र हुए लोगों ने मंजीत सिंह और जल रही बाइक को बुझाया। आग से मंजीत सिंह का सीना, दोनोंं कंधे, हाथ-पैर और प्राइवेट पार्ट जल गया। सीएचसी लाए गए मंजीत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मंजीत सिंह के पिता रक्षपाल सिंह की तहरीर पर रंजीत सिंह, उसकी मां किरनदीप कौर, गुरजीत कौर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीएचसी के डॉ. राशिद ने बताया कि रंजीत सिंह करीब 25 फीसदी झुलसा है।