थाना पुलिस ने गांव मीरपुर हीरपुर में 29 सितंबर को हुए दोहरे हत्याकांड के फरार चल रहे पांचवें आरोपी गोपाल के घर पर कोर्ट से जारी कुर्की आदेश मंगलवार को चस्पा कर दिया है।
गांव मीरपुर हीरपुर में 29 सितंबर को राजू और उसके चचेरे भाई ओमकार की हत्या कर दी गई थी। पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में गांव के ही सत्यपाल, वीरपाल, अमर पाल, अरजीत और गोपाल को नामजद किया गया था। पुलिस ने गोपाल को छोड़कर बाकी चारों नामजद आरोपियों को उसी समय गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पांचवां नामजद आरोपी अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था।
गिरफ्तारी होने में संदेह पैदा होने पर थाना प्रभारी राजेश यादव ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर फरार आरोपी की चल संपत्ति की कुर्की करने की अनुमति मांगी थी। पुलिस ने बताया कि कोर्ट ने अनुमति दे दी है। इस पर थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी के दरवाजे पर कोर्ट से जारी कुर्की संबंधी आदेश चस्पा कर दिया है।