पंचायत चुनाव के चौथे चरण के मतदान में लगाए गए कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। मंडी समिति में दो शिफ्टों में हुए प्रशिक्षण में एडीएम अजयकांत सैनी ने कर्मचारियों को सावधानी, निडरता और निष्पक्षता से मतदान कराने के निर्देश दिए।
मंडी समिति परिसर में चौथे चरण के हुए प्रशिक्षण में 541 पोलिंग पार्टियों के अलावा सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट को भी ट्रेनिंग दी गई। एडीएम ने कहा कि समस्या पर अफसरों से जानकारी कर लें। लापरवाही किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशिक्षण अधिकारी रामेश्वर प्रसाद ने मतदान से पूर्व और बाद में किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।
कार्मिक प्रभारी/डीडीओ एके सिंह चंद्रौल ने कहा कि कर्मचारी मिलने वाली चुनाव सामग्री का ठीक से मिलान कर लें, ताकि मतदान के समय समस्या न हो। प्रशिक्षण में एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, पीडी/ बीडीओ आरबी भास्कर आदि ने भी प्रशिक्षण दिया।
जाम से जूझे अधिकारी-कर्मचारी
पूरनपुर। माधोटांडा रोड के रेलवे फाटक पर सोमवार को कई बार जाम की स्थिति बनी। इससे प्रशिक्षण में भाग लेने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को भी जाम से जूझना पड़ा। इसके अलावा अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे। इससे लोगों को काफी असुविधा हुई। हालांकि जाम लगने की जानकारी पर टीम के साथ इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने पहुंचकर जाम खुलवाया।