बिलईखेड़ा टीले क्षेत्र में मिले पुरानी सभ्यताओं के अवशेष। स्रोत पुरातत्व प्रेमी
पीलीभीत। जहानाबाद क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बिलईखेड़ा टीला एक बार फिर चर्चा में है। बरेली-सितारगंज हाईवे निर्माण के दौरान टीले की खोदाई का विरोध करते हुए बरेली निवासी एडवोकेट एवं पुरातत्व प्रेमी रजत बिंदल ने इसे महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल बताया है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और गुप्तकालीन ईंटों समेत विभिन्न सभ्यताओं के अवशेष मिलने का दावा किया है।
बरेली-सितारगंज हाईवे निर्माण की जद में आए जहानाबाद क्षेत्र के ऐतिहासिक बिलईखेड़ा टीला क्षेत्र में खोदाई और निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इधर, पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण को लेकर सक्रिय बरेली निवासी एडवोकेट रजत बिंदल ने पूर्व में बिलईखेड़ा पहुंचकर मौके का निरीक्षण कर टीले के संरक्षण की मांग उठाई। उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पत्र सौंपा।
उन्होंने बताया कि इस मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय और पुरातत्व विभाग को भी शिकायत भेजी है। रजत बिंदल के अनुसार, निरीक्षण के दौरान टीले की कटान वाली सतहों पर अलग-अलग कालखंडों की सभ्यताओं के संकेत दिखाई दिए। खोदाई क्षेत्र से गुप्तकालीन शैली की ईंटें व अन्य अवशेष मिले हैं। संवाद