गर्मी बढ़ते ही शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। रविवार की
रात से लेकर सोमवार को पूरे दिन बिजली की अघोषित कटौती जारी रही। जिससे
शहरवाली काफी बेहाल रहे।
गर्मी के साथ-साथ शहर व देहात इलाकों में
बिजली की मांग बढ़ी है। इसके साथ ही साथ शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था
पटरी से उतर गई। रविवार की दोपहर ढाई बजे गुल हुई बिजली शाम करीब 4.30 बजे
आई। डेढ़ घंटे रुकने के बाद फिर गायब हो गई। इसके बाद शाम करीब सात बजे
सप्लाई शुरू हुई, लेकिन एक घंटे बाद फिर गुल हुई बिजली रात करीब 11 बजे आई।
दो घंटे बाद फिर कटौती कर दी गई। यही हाल सोमवार को भी रहा। पूरे दिन
बिजली की आवाजाही लगी रही। भीषण गर्मी के बीच इस अघोषित कटौती से उपभोक्ता
काफी परेशान रहे। रात में उमस भरी गर्मी ऊपर से मच्छरों का प्रकोप झेल रहे
शहरवासियों की पूरी रात जागते हुए बीत गई। पर्याप्त बिजली न मिलने से लोगों
के घरों पर लगे इंनवर्टर भी जवाब दे गए।
इस बारे में बिजली विभाग के
एसडीओ टाउन दीपक नेगी ने बताया कि शहर से बिजली कटौती नहीं की जा रही है।
ऊपर से जिस हिसाब से बिजली आपूर्ति मिल रही है, उसी के मुताबिक बिजली
आपूर्ति की जा रही है।