बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि की बर्बादी के बाद अब किसानों की चिंता और बढ़ गई है। आढ़तियों ने गेहूं की खुली खरीद पर करीब 100 रुपये प्रति क्विंटल का भाव गिरा दिया है। इससे किसान और परेशान हो गया है।
इन दिनों मंडी में जहां गेहूं की भरमार रहती है वही इस बार ओलावृष्टि व बेमौसम बारिश से मंडी में गेहूं नाम मात्र का ही पहुंच रहा है। बारिश से गेहूं का दाना खराब होने से किसानाें को वाजिब मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। सोमवार को मंडी में गेहूं का भाव 1400 सौ से 1500 सौ रुपये था, जबकि शनिवार को 1400 सौ 1600 सौ रूपये तक गेहूं बिका। किसानों को गेहूं का भाव अभी और चढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन इसमें आई गिरावट ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।
क्या कहते है किसान.....
पूरे साल की मेहनत बेकार
बारिश से गेहूं खराब हो जाने से व्यापारी अपने मन मर्जी का मूल्य लगाकर गेहूं खरीद रहे हैं। सरकारी क्रय केंद्र पर खरीद नहीं हो रही है। 1325 रुपये में गेहूं आढ़ती के हाथ बेचना पड़ा। पूरे साल मेहनत करने के बाद कुछ हासिल नहीं होगा।
- बलकार सिंह, गजरौल
व्यापारियों के हाथ तो बेचना ही पड़ेगा
पहले कुदरत का कहर झेला, अब गेहूं का दाना छोटा होने से वाजिब मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। किसान हर तरफ से मजबूर है। सरकारी क्रय केंद्रों पर मानक की मनमानी की जा रही है। इस लिए मंडी में व्यापारियों के हाथ औने-पौने में गेहूं बेचना मजबूरी है।
- ओमप्रकाश, चांदूपुर
मजबूरन कम दाम पर बेच रहे गेहूं
पूरनपुर। खुले बाजार में गेहूं का भाव चढ़ा हुआ है, 16 सौ रुपये से अधिक पर गेहूं बिकता, लेकिन आढ़ती जानते हैं कि किसानों का मौसम की मार झेला गेहूं सरकारी क्रय केंद्रों पर नहीं खरीदा जाएगा। लिहाजा वह समर्थन मूल्य के लगभग बराबर भाव पर ही गेहूं बेचने पर किसानों को मजबूर कर रहे हैं।
- विपिन सिंह, जटपुरा
क्या कहते है व्यापारी......
बीज को गेहूं साढ़े पंद्रह सौ मेें रहा बिक
पूरनपुर। गेहूं की कम पैदावार पर किसान को बाजार में इस बार अच्छा मूल्य मिल रहा है। सामान्य गेहूं साढ़े चौदह सौ रुपये प्रति क्विंटल सोमवार का भाव रहा। बीज का गेहूं 1550 रुपये प्रति क्विंटल बिका।
- सलमान खां, आढ़ती
गेहूं के रेट में आई है गिरावट
पूरनपुर। गेहूं का मूल्य शनिवार तक 1475 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा। सोमवार को कुछ मंदी आई, लेकिन फिर भी 1460 तक का रेट रहा। गेहूं का उत्पादन कम होने पर तमाम व्यापारी तो किसानों के घर से ही गेहूं खरीद करने में जुटे है। इससे मंडी में गेहूं की आवक इस बार कम हो रही है।
- कृष्ण कुमार, आढ़ती।
सामन्य है गेहूं की कीमत
पूरनपुर। इस बार गेहूं की फसल अच्छी होने की संभवना थी, लेकिन बारिश से गेहूं का दाना खराब हो गया है। फिर भी अच्छी कीमत में गेहूं खरीदा जा रहा है। दड़ा गेहूं की कीमत 1340 रुपये और साफ गेहूं की कीमत 1400 से 1500 सौ रुपये रही।
- विनोद अग्रवाल, आढ़ती