पीलीभीत। घर में जलाए गए दीपक की लौ से पर्दे में आग लगी और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को चपेट में ले लिया। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में फर्नीचर, कपड़े, फ्रिज समेत घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। परिजनों ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के संजय रॉयल पार्क निवासी नवेंद्रू जैन के मकान की पहली मंजिल पर विजय कुमार परिवार के साथ किराये पर रहते हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे बच्चों ने कमरे में दीपक जलाया था। इसके बाद सभी लोग दूसरी मंजिल पर चले गए। इसी दौरान दीपक की लौ पर्दे तक पहुंच गई। पर्दे ने आग पकड़ ली और कुछ ही देर में आग कमरे से फैलकर पूरे घर में पहुंच गई।
विज्ञापन
मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार के लोग नीचे पहुंचे और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। तब तक घर में रखा बेड, फ्रिज और अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीपक की लौ से पर्दे में आग लगने की बात सामने आई है। दमकल टीम ने आग बुझा दी। मामले की जांच की जा रही है।